हिमाल : अपना-पहाड़

बस एक कामना, हिम जैसा हो जाए मन

Saturday, July 14, 2018

सुनिए सरकार, मुमताज कुछ कहना चाहती है


वो अजूबा है। दुनिया उसे सेवन वंडर्स ऑफ वर्ल्ड कहती है। एक शहंशाह की मुहब्बत का अक्श है उसमें। मुहब्बत की एक ऐसी निशानी, जिसने पूरी दुनिया को हैरत में डाल रखा है। (इस लेख को www.janchowk.com पर भी पढ़ सकते हैं) जिसके दीदार से दिल में मुहब्बत हिलोरे भरने लगती है। नजरें हटाने को जी नहीं करता। 


वो ताजमहल अपनी किस्मत को रोता है। आगरा की जिस आबोहवा में शाहजहां और मुमताज की मुहब्बत की खुशबू फैली थी, वो जहर बन गई है। हवा में फैला ये जहर शाहजहां और मुमताज की इस आखिरी निशानी को बर्बाद कर रहा है। दिल्ली से आगरा और आसपास के पूरे इलाके में फैले पार्टिकुलेट मैटर, कूड़ा जलने से उठने वाला धुआं और राख ताज की खूबसूरती को बदरंग कर रहा है।    

ताजमहल की दीवारों की चांदी सी सफेद रंगत पीली दर पीली होते-होते अब हरी हो रही है। ताजमहल को एक घुन धीरे धीरे खा रहा है। और सरकारी अमला कुछ कर नहीं पा रहा। केंद्र सरकार, उत्तर प्रदेश सरकार और आर्कियोलॉजी सर्वे ऑफ इंडिया का कोई कदम ताजमहल को बचाने की तरफ बढ़ता नहीं दिख रहा। 

तभी देश की सबसे बड़ी अदालत को कहना पड़ता है – ताजमहल का संरक्षण करो, या बंद करो या जमीदोज कर दो।  

अचरजों से भरी बेमिसाल इमारत को जमीदोज करने, तोड़ देने, ढहा देने की बात कही गयी है। तोड़ना और बनाना इंसानी फितरत है। पर जिसे तोड़ देने की बात कही गयी, वो बहुत खास है। कुछ ऐसा, जो अपनी तरह का इकलौता है। सवाल है कि सुप्रीम कोर्ट को ऐसी सख्त बातें क्यों कहनी पड़ी

जरुर कुछ संगीन बात होगी। सुप्रीम कोर्ट नाराज है, ताजमहल की दुर्दशा पर। जिस इमारत को पूरी दुनिया आंखे फाड़कर देखती है; उस इमारत के संरक्षण को लेकर न केंद्र सरकार को चिंता है, न उत्तर प्रदेश सरकार को और न ही आर्कियोलॉजी सर्वे ऑफ इंडिया को। इसीलिए सुप्रीम कोर्ट के जस्टिस मदन बी लोकुर और जस्टिस दीपक गुप्ता की बैंच नाराजगी भरे लहजे में कहती है – ये तो पूरी तरह उदासीनता है। आपको इसकी (ताजमहल) जरा भी परवाह नहीं है।
 
सुप्रीम कोर्ट के इन शब्दों का इसका मतलब समझने की कोशिश करिए। 

ताजमहल कोई आम इमारत नहीं है। हिंदुस्तान आने वाले हर सैलानी का एक सपना है। या कहें कि विदेशी सैलानी ताज देखने के बहाने हिंदुस्तान घूमता है। आंकड़े भी इसकी तस्दीक करते हैं। सरकारी वेबसाइट tajmahal.gov.in बताती है कि इसे देखने हर साल 70 से 80 लाख टूरिस्ट आते हैं। जिनमें 6 से 7 लाख टूरिस्ट विदेशी होते हैं। आप अंदाजा लगाइए भारत में सालभर में आने वाले कुल एक करोड़ विदेशी सैलानियों में से करीब 6 से 7 फीसदी ताजमहल देखने जरुर आते हैं।  

सुप्रीम कोर्ट कहता है कि एफिल टावर को देखने आठ करोड़ लोग आते हैं। बावजूद इसके फ्रांस की सरकार ने उसे प्रोटेक्ट करके रखा है। और हिंदुस्तान में ताजमहल को एक करोड़ लोग भी देखने नहीं आते, फिर भी सरकार इसका संरक्षण या मैनेजमेंट नहीं कर पा रही है। ताजमहल के संरक्षण को लेकर लापरवाह सरकार से सुप्रीम कोर्ट को कहना पड़ता है - उत्तर प्रदेश सरकार को कोई परवाह नहीं है। अभी तक ताजमहल को प्रोटेक्ट करने के लिए कोई एक्शन प्लान या विजन डॉक्यूमेंट पेश नहीं किया गया है।
 
सुप्रीम कोर्ट तल्ख होकर केंद्र सरकार को निर्देश देता है कि दो हफ्ते के अंदर एफिडेविट देकर बताए, अबतक ताजमहल के संरक्षण के लिए क्या किया और भविष्य में क्या करने का प्लान है। 

सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणियां क्या बताती हैं?
सरकार एक इमारत को नहीं संभाल पा रही है। या कहें सरकारी अमले में एक इमारत को प्रोटेक्ट करने की क्षमता नहीं है। स्मार्ट सिटी की बात करने वाली सरकार की नीति में विरासत के संरक्षण के लिए कितनी जगह है, ये सुप्रीम कोर्ट के कमेंट बताते हैं।
या संभव है, लालकिले की तरह ताजमहल को किसी चायपत्ती वाले को किराए पर देने का विचार चल रहा हो।
ताजमहल है या तेजोमहालय, इस बहस में उलझने वाले सियासी सितारों से पूछना चाहिए कि वो सुप्रीम कोर्ट की इस टिप्पणी से कितने सहमत हैं – ताजमहल को जमीदोज कर दो।
उस मीडिया से भी सवाल पूछिए। जो ताजमहल के गुंबदों में मंदिर की आकृति ढूंढता है। ताजमहल की बुनियाद, दीवारों और मुंडेरों पर उकेरे प्रतीकों में धर्म के चिन्ह तलाशने लगता है। क्या मीडिया के इन विदूषकोंको सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणियों की खबर नहीं है?   
क्या कहती होगी शंहशाह शाहजहां की रुह? जब जब वो ताजमहल को देखता होगा, उसका दिल जोर से धड़कता होगा। सीने में तेज दर्द उभरता होगा; जैसे अब जान निकल जाएगी। मुझे लगता है, शाहजहां के लिए अब ये रोज की बात हो गयी होगी। आसमानी परी से संगमरमर को धीरे धीरे पीला और फिर हरा होते देख किसकी न जान निकलेगी। सुप्रीम कोर्ट को शाहजहां के दर्द का अहसास है। पर सरकार और सिस्टम को नहीं है।
ताजमहल के बीचोंबीच उस कब्र में पड़ी मुमताज की आंखें नम होंगी। और दिल उस सरकार और सिस्टम को कोसता होगा, जो उसके पति की आखिरी निशानी को संभाल नहीं पा रहा है। दुख की बात है, दोनों (शाहजहां-मुमताज) के अहसास दूर-दूर मर रहे हैं।

0 Comments:

Post a Comment

Subscribe to Post Comments [Atom]

<< Home